रायपुर :- जशपुर जिले में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और महानायकों के बलिदान को देश की अमूल्य धरोहर बताया। बालछापार स्थित सरना एथेनिक रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर आदिवासी समाज के महानायकों और उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। जनजातीय वीरों ने देश की आजादी, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अतुलनीय संघर्ष और बलिदान दिया है। उनका योगदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को विशेष महत्व मिला है। जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू का देश के राष्ट्रपति पद तक पहुंचना और छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय का मुख्यमंत्री बनना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महानायकों को नमन किया और देश के लिए बलिदान देने वाले जनजातीय सैनिकों के परिजनों तथा विभिन्न समाजों के प्रमुखों को सम्मानित किया।

ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार प्राथमिकता से काम कर रही है। कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जशपुर में नालंदा परिसर का निर्माण और वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में आधुनिक अस्पताल की पहल क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक विकास की सुविधाएं पहुंचें और स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर मिलें।

युवाओं को प्रेरित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए बड़े सपने देखना, लक्ष्य निर्धारित करना और लगातार मेहनत करना जरूरी है। प्रतिभा किसी बड़े शहर या संपन्न परिवार की मोहताज नहीं होती। छोटे गांवों से निकलकर भी युवा आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बन सकते हैं। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि वे भी एक छोटे से गांव से निकलकर महज 22 वर्ष की उम्र में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए थे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपील की।

समारोह में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर भी जोर दिया गया। वित्त मंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककलाएं, परंपराएं और जीवन मूल्य हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए ओपी चौधरी ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक सांस्कृतिक दल को 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की।

इस दौरान वित्त मंत्री ने पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर अंडर-17 और अंडर-19 क्रिकेट टीमों में चयनित जशपुर की बेटियों को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जिले की बेटियां खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना रही हैं और उनकी उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत स्वरोजगार के लिए महिलाओं को ऋण के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत ने कुरुख बोली में गीत प्रस्तुत कर भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य जनजातीय महानायकों के संघर्ष और बलिदान को याद किया। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।