बलौदाबाजार :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में जिलेवासियों को 459 करोड़ 45 लाख रुपए के 275 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 316 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 178 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, जबकि 142 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से पूरे हुए 97 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ रहा। इसके साथ ही क्षेत्र के लोगों की करीब दो दशक पुरानी मांग पूरी हो गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता सामग्री और चेक वितरित किए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों और युवाओं को सम्मानित भी किया।

जनता के विश्वास पर खरा उतरना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को सेवा करने का अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का निर्माण करना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। गांवों तक बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सरकार के तीन साल पूरे होने से पहले गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले महीने राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस दौरान जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकार गठन के 24 घंटे के भीतर 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा महतारी वंदन योजना, चरण पादुका योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है।

सुशासन से आम नागरिकों का जीवन हो रहा आसान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है, जो 24 घंटे संचालित होता है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के जरिए करीब 700 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार किया गया है। अब ग्रामीणों को अपने गांव में ही बैंकिंग से जुड़ी सुविधाएं मिल रही हैं।

किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीदी

किसानों की खुशहाली को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अन्नदाता प्रदेश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं। राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना में संशोधन कर कम उत्पादन की स्थिति में भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से अंतर की राशि किसानों को देने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा सरकार ने किसानों को दो वर्षों के बकाया धान बोनस का भुगतान भी किया है।

सुहेला में मांगलिक भवन के लिए एक करोड़, कॉलेज भवन के लिए 5 करोड़ की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की मांग पर सुहेला क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए, नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान और सुहेला तहसील के 20 विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा शामिल है। इसके अलावा बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए देने की भी घोषणा की गई।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सुहेला में शासकीय महाविद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों की करीब 20 साल पुरानी मांग पूरी हुई है। अब स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत के संरक्षण के लिए भी लगातार काम किया जा रहा है।

विकास संकल्प तिहार में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और कौशल विकास विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और हितग्राहियों को सहायता सामग्री, चेक और प्रशस्ति पत्र वितरित किए। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहक हेमलाल, राजकुमार और तुकेश ध्रुव को क्रमशः 15 हजार 411 रुपए, 22 हजार 976 रुपए और 21 हजार 15 रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान क विभाग की ओर से उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच सोलर दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों को गेहूं और सरसों के बीज वितरित किए गए। इसके साथ ही 10 किसानों को 50 लाख रुपए से अधिक की राशि के चेक प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से पांच बच्चों को सुपोषण टोकरी दी गई। वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 10 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग की ओर से तीन दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर वितरित की गईं। भारत माता वाहिनी समूह के 10 सदस्यों को सीटी, टोपी, लाठी और टॉर्च प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर छह हितग्राहियों को चश्मे, तीन को आयुष्मान वय वंदन कार्ड और तीन हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

53 युवाओं को किया गया सम्मानित

कौशल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित 'हम होंगे कामयाब 2.0' कार्यक्रम के तहत जिले के 53 युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर योजनाओं का लाभ मिले और वह सम्मान तथा आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ सके।

459 करोड़ के विकास कार्यों से सड़क, शिक्षा और सिंचाई को मिलेगी नई गति

विकास संकल्प तिहार में मुख्यमंत्री ने जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें बलौदाबाजार विकासखंड में 88 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा सुहेला में 23 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से तीन मार्गों पर डिवाइडर और प्रकाश व्यवस्था के साथ सड़क निर्माण किया जाएगा। सिमगा विकासखंड में 8 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से हथबंद-जांगड़ा सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। भाटापारा विकासखंड में 6 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से दतरेंगा से बिजराडीह तक पुल-पुलियों सहित 6.20 किलोमीटर सड़क निर्माण और 5 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से तुरमा-खैरी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

142 करोड़ 90 लाख के 97 विकास कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने जिले में 142 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से पूरे हुए 97 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें भाटापारा विकासखंड में 65 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण प्रमुख है। इसके अलावा 9 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण और मजबूतीकरण किया गया है। पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन का निर्माण पूरा हुआ है। वहीं बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम घुलघुल में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से मल्लीन नाला पर स्टॉपडेम और कसडोल विकासखंड के ग्राम मटिया में 3 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से मटिया नाला पर स्टॉपडेम का निर्माण किया गया है। इन परियोजनाओं से सड़क, शिक्षा, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

विकास संकल्प तिहार में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, बलौदाबाजार नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, भाटापारा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, लक्ष्मी बघेल, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर कुलदीप शर्मा और प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।