बस्तर :- जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही के आधार पर थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम बेड़मा के जंगल-पहाड़ी इलाके में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप सामान को बरामद किया गया है। संयुक्त सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई में करीब 36 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री सहित बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामान और अन्य उपयोगी वस्तुएं बरामद हुई हैं। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम हांडापाल, देवगढ़, बेड़मा और आसपास के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने बेड़मा के जंगल क्षेत्र में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए सामान की तलाश की। इस दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत इलाके की सुरक्षित घेराबंदी (कॉर्डन) और डी-माइनिंग कार्रवाई की गई। सर्चिंग के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर माओवादियों द्वारा डंप करके रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री में एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन रॉड, करीब 25 मीटर कॉर्डेक्स वायर, लगभग 200 मीटर इलेक्ट्रिक वायर के चार बंडल, वॉकी-टॉकी चार्जर, तीन किलोग्राम सल्फर और चार किलोग्राम सोडियम नाइट्रेट शामिल हैं। इसके अलावा 14 छोटे-बड़े टिफिन, एक मल्टीमीटर, करीब 50 मीटर रस्सी, सात सिरिंज, एक बड़ा टिन का पेटी, चार बैडमिंटन रैकेट, तीन रबर रिंग और 11 बैटरी सेट भी बरामद किए गए हैं। इन सभी सामग्रियों में लगभग 36 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री शामिल बताई गई है।
इस पूरी कार्रवाई में नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर चलाए गए इस अभियान में सुरक्षा बलों ने जंगल के दुर्गम इलाकों में सर्चिंग करते हुए माओवादियों के छिपाए गए डंप को खोज निकाला। वहीं, बरामद विस्फोटक सामग्री को लेकर सुरक्षा बलों ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बलों द्वारा अंदरूनी और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। बेड़मा के जंगल से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामान की बरामदगी को सुरक्षा बलों की सतर्कता और बेहतर रणनीति का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


