रायपुर :- प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि में राज्य के साथ-साथ प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुरस्कार समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की मौजूदगी में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए।

फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में छत्तीसगढ़ को मिला पहला स्थान

स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स (Fastest Movers) श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज (Innovation and Best Practices) श्रेणी में राज्य को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। ये पुरस्कार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रदान किए गए हैं। समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, विभागीय संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी भी उपस्थित रहे।

बड़े बचेली और दंतेवाड़ा ने डिजिटल अडॉप्शन में हासिल किया पहला और दूसरा स्थान

राष्ट्रीय पुरस्कारों की इस उपलब्धि में प्रदेश के नगरीय निकायों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई। डिजिटल अडॉप्शन (Digital Adoption) श्रेणी में एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों के बीच बड़े बचेली नगर पालिका ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दंतेवाड़ा नगर पालिका दूसरे स्थान पर रही। वहीं, एक लाख से 10 लाख तक की जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला। इन पुरस्कारों के माध्यम से नगरीय निकायों द्वारा पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान प्रणाली से जोड़ने और उन्हें वित्तीय सेवाओं का लाभ दिलाने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताई खुशी

प्रदेश को मिली इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त करना राज्य में योजना के क्रियान्वयन और किए जा रहे नवाचारों को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा उन्हें सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य में जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और शहरी आजीविका को मजबूत बनाने के प्रयासों को नई पहचान देता है।

अरुण साव बोले- पथ विक्रेताओं को मिल रहे स्वरोजगार के बेहतर अवसर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों के प्रयासों का परिणाम है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ काम करने की प्रेरणा मिलेगी।

नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रहण किए पुरस्कार

समारोह में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने अपने निकाय की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। वहीं, दंतेवाड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका के अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव ने भी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में अपने-अपने निकायों के राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए।

पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण को मिल रही नई पहचान

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को वित्तीय सहायता के माध्यम से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना है। राज्य को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से छत्तीसगढ़ के शहरी आजीविका संवर्धन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़े प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।