रायपुर :- ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। खासतौर पर उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं, सात जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर को कमजोर होकर गहरे अवदाब में तब्दील हो गया। यह उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। अगले कुछ घंटों में इसके और कमजोर होकर अवदाब और फिर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।
रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 21 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इन सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश?
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो सरगुजा और अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इन इलाकों में दर्ज की गई बारिश
बारिश के आंकड़ों के अनुसार, नया बाराद्वार में सबसे ज्यादा 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा सरायपाली, पिथौरा, सेवरीनारायण, कोमाखान, चंद्रपुर, बम्हनीडीह, महासमुंद, नवागढ़, गरियाबंद, गोबरा नवापारा, भोथिया, राजिम, हसौद और पलारी में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
दो दिन बाद भी जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।


