रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जिले के पांच आदिवासी युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए इन युवाओं का चयन हुआ है। इस उपलब्धि से जशपुर को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
दिसंबर में बेंगलुरु में होगा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। इन सभी युवाओं को दिसंबर 2026 में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यहां उन्हें रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों, जोखिम प्रबंधन और पेशेवर गाइडिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है। इस प्रशिक्षण से जशपुर के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपनी तकनीकी दक्षता विकसित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिले में प्रशिक्षित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की टीम तैयार होने से साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा जशपुर
जशपुर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऊंची पहाड़ियों, चट्टानी क्षेत्रों, जंगलों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति के लिए जाना जाता है। यहां रॉक क्लाइंबिंग, पर्वतारोहण और अन्य साहसिक गतिविधियों के विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। इन्हीं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन स्थानीय आदिवासी युवाओं को प्रशिक्षण देकर पर्यटन से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध होने से जशपुर को वैश्विक साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी और युवाओं की प्रतिभा के माध्यम से पर्यटन को रोजगार एवं आजीविका का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार होंगे गाइड
रॉक क्लाइंबिंग एक साहसिक खेल है, जिसमें तकनीकी जानकारी के साथ सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है। पहाड़ों और चट्टानों पर चढ़ाई के दौरान सही उपकरणों का इस्तेमाल, जोखिम का आकलन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की जानकारी बेहद महत्वपूर्ण होती है।
अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जशपुर के युवाओं को इन्हीं पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इससे वे भविष्य में पेशेवर गाइड के रूप में अपनी सेवाएं दे सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रमाणन मिलने से उनकी पहचान और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इसके अलावा जशपुर आने वाले पर्यटकों को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित गाइड उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे साहसिक पर्यटन गतिविधियों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
वर्ष 2024 में शुरू हुई थी साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
जशपुर में साहसिक पर्यटन को विकसित करने और स्थानीय युवाओं को पर्वतारोहण एवं रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण देने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू की गई थी। इस पहल का उद्देश्य जिले की प्राकृतिक और भौगोलिक विशेषताओं का लाभ उठाते हुए आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें पर्यटन आधारित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।
इस अभियान को आगे बढ़ाने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था पहाड़ी बकरा एडवेंचर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को शुरुआती स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण दिया। लगातार अभ्यास, मार्गदर्शन और प्रशिक्षण के जरिए युवाओं ने अपनी तकनीकी क्षमता को विकसित किया और राष्ट्रीय स्तर के साहसिक अभियानों में भी हिस्सा लिया।
हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया विष्णु देव रूट
जशपुर के इन युवाओं ने वर्ष 2025 में आयोजित ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया था। इस अभियान में टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। खास बात यह रही कि युवाओं ने इस दौरान एक नया चढ़ाई मार्ग भी तैयार किया।
टीम ने इस नए मार्ग का नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में 'विष्णु देव रूट' रखा था। इस अभियान में युवाओं ने अल्पाइन शैली में पर्वतारोहण करते हुए साहस, अनुशासन, टीम भावना और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। इस उपलब्धि ने जशपुर के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। इसके बाद वर्ष 2026 में युवा पर्वतारोही तेजल भगत को भारतीय क्लाइंबिंग से जुड़े एक प्रमुख आयोजन के माध्यम से प्रायोजन भी प्राप्त हुआ।
स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते
जशपुर में साहसिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और प्रमाणन प्राप्त करने के बाद ये युवा रॉक क्लाइंबिंग गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में आगे बढ़ सकेंगे। इससे उन्हें अपने ही जिले में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर होमस्टे, पर्यटन सेवाओं, गाइडिंग और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे क्षेत्र के छोटे कारोबारियों, स्थानीय शिल्पकारों और ग्रामीण परिवारों को भी आर्थिक लाभ मिल सकता है।
इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा जशपुर
जशपुर को साहसिक पर्यटन के साथ इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और जनजातीय संस्कृति पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। जिला प्रशासन स्थानीय समुदायों की भागीदारी से पर्यटन गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहा है। होमस्टे सुविधाओं के विकास, साहसिक पर्यटन आयोजनों, युवा महोत्सव, मोटरबाइक अभियान और कृषि पर्यटन जैसी गतिविधियों के माध्यम से जिले की पर्यटन संभावनाओं को विस्तार दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्राकृतिक पर्यावरण और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
जशपुर के पांच आदिवासी युवाओं का अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण के लिए चयन जिले के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि बताती है कि उचित प्रशिक्षण, अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर जनजातीय अंचलों के युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। आने वाले समय में यह पहल जशपुर को साहसिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


