रायपुर :- छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 को लेकर दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) श्रेणी के अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन आवेदन का अवसर देने का निर्णय लिया है। यह संशोधन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में जारी शुद्धि पत्र के माध्यम से किया गया है।
उच्च न्यायालय के फैसले के बाद पात्रता में बदलाव
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती का विस्तृत विज्ञापन 24 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026, मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य में आए निर्णय के परिपालन में पात्रता संबंधी प्रावधानों में संशोधन किया गया है। समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप अब सहायक शिक्षक पद के लिए चिह्नित उपयुक्त दिव्यांगता श्रेणियों में ब्लाइंड, डेफ और सेरेब्रल पाल्सी को भी शामिल किया गया है।
2292 पदों पर होनी है भर्ती
सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत कुल 2292 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर सहित जिले शामिल हैं। वहीं, टी-संवर्ग में बस्तर संभाग के जिलों के साथ सरगुजा क्षेत्र और अन्य निर्धारित जिलों में पद शामिल हैं।
आरक्षित पदों के वितरण में भी स्पष्टता
संशोधित शुद्धि पत्र में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार और श्रेणीवार विवरण सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप स्पष्ट किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित और बहुदिव्यांगता से संबंधित समूहों के लिए आरक्षित पदों का विवरण शामिल है। साथ ही, विस्तृत विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को विलोपित कर दिया गया है।
आवेदन की तारीख अलग से होगी घोषित
ब्लाइंड, डेफ और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा, लेकिन इसके लिए आवेदन की तिथि अभी अलग से घोषित की जाएगी। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा इस संबंध में पृथक सूचना जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली नवीनतम सूचना और संशोधित भर्ती विज्ञापन पर नजर बनाए रखें। भर्ती के मूल विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।


