रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीत के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज किया। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 4 विकेट से शिकस्त दी। जिम्बाब्वे के 114 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 15.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 116 रन बना लिए।

दीप्ति शर्मा और निकी प्रसाद ने संभाली भारतीय पारी

115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। स्मृति मंधाना 9 रन, शेफाली वर्मा 4 रन और अनुष्का शर्मा भी 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर सिर्फ 1 रन बना सकीं, जबकि ऋचा घोष के बल्ले से 7 रन निकले।लगातार गिरते विकेटों के बीच दीप्ति शर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 37 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 49 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि, वह अपने अर्धशतक से महज एक रन दूर रह गईं। दूसरी ओर, निकी प्रसाद ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए। अरुंधति रेड्डी 2 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों की उपयोगी पारियों की बदौलत भारत ने लक्ष्य हासिल कर लिया।

पहले बल्लेबाजी कर जिम्बाब्वे ने बनाए 114 रन

इससे पहले टॉस जीतकर भारतीय टीम ने गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से शार्ने मेयर्स ने 33 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए, जबकि केलिस नधलोवु ने 44 गेंदों में 42 रन का योगदान दिया। मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 16 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए जिम्बाब्वे को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।

नंदनी शर्मा की घातक गेंदबाजी

भारत की ओर से नंदनी शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में महज 11 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। श्री चरणी, क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी को एक-एक विकेट मिला। वहीं, जिम्बाब्वे की ओर से न्याशा ग्वांजुरा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। मिशेल मावुंगा को एक सफलता मिली।

सीरीज में भारत ने बनाई बढ़त

रायपुर में मिली इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को कम स्कोर पर रोका, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए दीप्ति शर्मा और निकी प्रसाद ने अहम योगदान देकर टीम को जीत दिलाई।