नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाली इस फिल्म को बड़े स्तर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में पहुंचाने की तैयारी है। इसी बीच अब पाकिस्तान में भी फिल्म की रिलीज की मांग उठने लगी है। पाकिस्तान में रहने वाले एक हिंदू नागरिक ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म के अंतरराष्ट्रीय वितरक सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट से अपील की है कि फिल्म को पाकिस्तानी सिनेमाघरों में भी रिलीज किया जाए।

पाकिस्तानी दर्शक ने वीडियो शेयर कर की अपील

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में यूजर ने कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू समुदाय के कई लोग ‘रामायण’ को बड़े पर्दे पर देखना चाहते हैं। उन्होंने फिल्म के निर्माताओं और वितरक से अनुरोध किया कि अगर हिंदी संस्करण रिलीज करना संभव न हो, तो कम से कम इसका अंग्रेजी संस्करण ही पाकिस्तान के सिनेमाघरों में लाया जाए। यूजर के मुताबिक, उनके लिए इस फिल्म को सिनेमाघर में देखना बेहद खास अनुभव होगा।

भारत-पाकिस्तान के रिश्तों के बीच रिलीज पर सस्पेंस

फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज को लेकर चर्चा जरूर हो रही है, लेकिन पाकिस्तान में इसकी रिलीज की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट फिल्म का अंतरराष्ट्रीय वितरण कर रही है, लेकिन इससे यह तय नहीं होता कि फिल्म पाकिस्तान में भी रिलीज होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा संबंधों के कारण वहां फिल्म की थिएटर रिलीज को लेकर कई तरह की चुनौतियां हो सकती हैं। फिलहाल दर्शकों को इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने किया समर्थन

पाकिस्तान में फिल्म रिलीज करने की अपील सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसका समर्थन किया। कुछ लोगों ने उम्मीद जताई कि ‘रामायण’ को पाकिस्तान में भी दर्शक मिल सकते हैं। वहीं, कुछ यूजर्स का मानना है कि भारतीय पौराणिक कथाओं पर आधारित यह भव्य फिल्म सीमाओं से परे दर्शकों का ध्यान खींच सकती है। हालांकि, सोशल मीडिया पर मिल रही प्रतिक्रियाओं के बावजूद फिल्म की पाकिस्तान में रिलीज को लेकर कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

रणबीर कपूर बनेंगे भगवान राम, दिवाली 2026 में रिलीज होगा पहला भाग

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। नमित मल्होत्रा इस फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। इसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा। अब देखना होगा कि फिल्म को भारत के अलावा किन-किन देशों में रिलीज किया जाता है और क्या पाकिस्तान के दर्शकों की यह मांग पूरी हो पाती है।