रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार शहरों के सुनियोजित, आधुनिक और टिकाऊ विकास को प्राथमिकता दे रही है। शहरी क्षेत्रों में सीवरेज सिस्टम दुरुस्त करने, जल निकासी की व्यवस्था सुधारने, बिजली के तारों को भूमिगत करने और नागरिकों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। रायपुर में आयोजित अर्बन चैलेंज फंड कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव के कारण कई जगहों पर ऐसी स्थिति बन जाती है कि जहां वाहनों को चलना चाहिए, वहां नाव चलाने की नौबत आ जाती है। इस स्थिति को बदलने के लिए शहरों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरों के सुनियोजित विकास के लिए दो एमओयू किए गए हैं। इन समझौतों से राज्य को आर्थिक सहायता के साथ तकनीकी सहयोग और विशेषज्ञों के सुझाव भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि महापौर और नगरीय निकायों को सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने होंगे, ताकि बारिश के दौरान जलभराव से आम लोगों और यातायात को परेशानी न हो। बिजली के तारों को भूमिगत करने से दुर्घटनाओं का खतरा कम करने में भी मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में शहरों का आधुनिक और व्यवस्थित विकास अहम भूमिका निभाएगा। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य की जीडीपी को 6 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए शहरी अधोसंरचना को मजबूत करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री शहर समृद्धि योजना और नगरोत्थान योजना के माध्यम से भी शहरों के विकास पर काम किया जा रहा है। अर्बन चैलेंज फंड से शहरी विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद प्रदेश के विकास में लंबे समय तक बड़ी बाधा रहा है। अब नक्सलवाद के खात्मे के बाद राज्य में विकास कार्यों को और गति देने की जरूरत है। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय, तकनीकी सहयोग और वित्तीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग से शहरों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रायपुर में आयोजित यह कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ के शहरों के आधुनिक और सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है। उनके 22 और 23 तारीख को प्रदेश प्रवास पर रहने की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस दौरान राष्ट्रपति मूरिया दरबार में शामिल होंगी और जनता को संबोधित भी करेंगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए शहरों के विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और मजबूत अधोसंरचना पर निरंतर काम करना आवश्यक है।