रायपुर :- छत्तीसगढ़ में बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (बीपीटी) पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने दूसरे चरण की काउंसिलिंग के तहत आवंटित सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 22 अक्टूबर तक दस्तावेजों का सत्यापन कराकर प्रवेश ले सकेंगे। पहले निर्धारित समय में बदलाव 20 अक्टूबर को घोषित अवकाश के कारण किया गया है।
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की ओर से दूसरे चरण की काउंसिलिंग में 279 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं। प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश के शासकीय और निजी फिजियोथेरेपी महाविद्यालयों में कुल 163 सीटें रिक्त थीं। इन्हीं सीटों पर दूसरे चरण के तहत प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
संचालनालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 22 अक्टूबर को शाम 4 बजे तक दस्तावेजों का सत्यापन और शाम 5 बजे तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालयों में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों का सत्यापन और प्रवेश शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, रायपुर में होगा। वहीं, निजी महाविद्यालय में सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित संस्थान में जाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
छत्तीसगढ़ में बीपीटी पाठ्यक्रम की कुल 419 सीटें हैं। इनमें सात शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालयों की 350 सीटें शामिल हैं, जबकि दुर्ग स्थित अपोलो कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी में 69 सीटें निर्धारित हैं। अपोलो कॉलेज की सीटों में राज्य कोटे की 30, प्रबंधन कोटे की 30 और एनआरआई कोटे की 9 सीटें शामिल हैं। दूसरे चरण की काउंसिलिंग से पहले रायपुर, जशपुर, मनेंद्रगढ़, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग और जगदलपुर के शासकीय महाविद्यालयों के साथ अपोलो कॉलेज में सीटें रिक्त थीं।
प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश अभ्यर्थी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in औरhttps://cgdme.admissions.nic.in/ पर देख सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर दस्तावेजों का सत्यापन कराकर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि आवंटित सीट पर उनका प्रवेश सुनिश्चित हो सके।


