रायपुर :- राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रावतपुरा क्षेत्र के दो सूने मकानों को निशाना बनाया था।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना रावतपुरा फेस-2 निवासी श्याम तांती के मकान में हुई थी। 15 से 17 सितंबर 2026 के बीच अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा बाथरूम और किचन में लगे नल चोरी कर ले गए। इस मामले में टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 876/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया गया था।

चोरी की दूसरी घटना रावतपुरा कॉलोनी निवासी देवनारायण साहू के मकान में हुई। पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने के आभूषण और चांदी का सिक्का चोरी कर लिया। इस मामले में भी टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 978/26 के तहत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था।

लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले गए। संदिग्धों की गतिविधियों, आवागमन के रास्तों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। मुखबिरों से मिली जानकारी तथा पूर्व में चोरी के मामलों में संलिप्त रहे आरोपियों की गतिविधियों की जांच के बाद पुलिस ने लक्ष्मण महानंद और शेख खोकन को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, दोनों ने चोरी की दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दूसरी चोरी के मामले में चुराए गए सोने के कुछ आभूषण बिक्री के लिए दुरपती बाई साहू को दिए गए थे। मामले में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण महानंद (28), निवासी रावतपुरा बीएसयूपी कॉलोनी, शेख खोकन (37), निवासी तेलीबांधा और दुरपती बाई साहू (37), निवासी रावतपुरा शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी लक्ष्मण महानंद पहले भी टिकरापारा थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर लंबे समय तक खाली छोड़ने पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करें और आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।