बिलासपुर :- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत आज दोपहर बिलासपुर पहुंचे। वे यहां दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

मोहन भागवत इंटरसिटी एक्सप्रेस से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनके आगमन को देखते हुए स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन से उनका काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिरकोना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आवासीय विद्यालय के लिए रवाना हुआ।

प्रवास के पहले दिन मोहन भागवत की मुलाकात प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से होगी। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, कार्यप्रणाली और विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी। संघ के पदाधिकारियों के साथ होने वाली इन बैठकों को संगठन की आगामी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दौरे के दूसरे दिन प्रांत स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

मोहन भागवत के प्रवास को देखते हुए बिरकोना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आवासीय विद्यालय और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे कार्यक्रम के दौरान सतर्क रहेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रांत स्तरीय बैठक के बाद मोहन भागवत कल रात अमरकंटक एक्सप्रेस से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।