रायपुर :- राजधानी रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया। 25 अक्टूबर की रात शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर की गई जांच के दौरान ब्रीथ एनालाइजर से 40 वाहन चालकों के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। वहीं, अभियान के दौरान कुल 53 वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान संदिग्ध वाहन चालकों की जांच की गई।

कार, पिकअप से लेकर दोपहिया वाहनों की जांच

रात्रिकालीन अभियान के दौरान कार, टाटा एस पिकअप, ई-रिक्शा, मेटाडोर और दोपहिया वाहनों सहित विभिन्न श्रेणियों के वाहनों की जांच की गई। जांच में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी।

2026 में अब तक 4,132 ड्रंक एंड ड्राइव के मामले

यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के कुल 4,132 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस की आम नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। शराब पीने के बाद वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करें या किसी योग्य और नशामुक्त चालक की मदद लें। पुलिस ने कहा कि नशे में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ उसके परिवार और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।