रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पदयात्रा में हिस्सा लेकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री ने लाल चौक स्थित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें प्रदेश के विकास से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा और क्षमता का उपयोग परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों पर पदयात्रा आयोजित किए जाने की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में स्थायी बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संभव है। उन्होंने बताया कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर हजारों लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं से नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





